हरदोई में तेंदुए ने किया था हमला
- फोटो : amar ujala
हरदोई के बावन कस्बे के मजरा सराय में बुधवार रात खेत में जंगली जानवरों के निशान देखे जाने के बाद ग्रामीणों ने तेंदुआ होने की आशंका जताई। गुरुवार को वन विभाग की टीम ने खेत में मिले पंजों के निशान की जांच की। टीम का कहना है कि यह निशान सियार जैसे किसी जानवर के हैं।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बावन के मजरा सराय में बुधवार की रात ग्रामीणों ने खेत में किसी जंगली जानवर के पंजों के निशान देखे। निशान तेंदुए के होने की आशंका के चलते ग्रामीण दहशत में आ गए और इसकी जानकारी पुलिस व वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह कोतवाल रंधा सिंह व वन कर्मी मौके पर पहुंच गए।
वन कर्मियों ने खेत में मिले पंजों के निशान की जांच की। टीम के सदस्यों के मुताबिक खेत में मिले पंजों के निशान तेंदुए के पंजों के निशान से काफी छोटे हैं। इनकी बनावट भी अलग है। यह निशान सियार या अन्य किसी जानवर के हैं। बताया कि आसपास खेतों में भी तलाश करने का प्रयास किया गया, लेकिन यहां क्षेत्र में तेंदुए के पंजों के निशान मिलने की पुष्टि नहीं हो सकी। इस दौरान वन दरोगा देवेंद्र यादव, ब्रजेश कुमार, वन रक्षक वैभव त्रिपाठी, राजकुमार सिंह, रमेश यादव, लाखन व तेजवीर आदि मौजूद रहे।