चित्रकूट में कांग्रेस के स्टार प्रचारक हार्दिक पटेल के निशाने पर भाजपा की नीतियां और नेता रहे। कांग्रेस प्रत्याशी बालकुमार पटेल के समर्थन में आयोजित जनसभा में हार्दिक ने कहा कि जो भगवान श्रीराम के नहीं हुए, वे आम जनता के कभी नहीं हो सकते। राम मंदिर बनाने का वादा कर केंद्र की सत्ता में आई भाजपा ने मंदिर नहीं बनाया। भाजपा भगवान श्रीराम को धोखा दे रही है। यदि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनी तो बुंदेलखंड राज्य के मुद्दे को प्रमुखता से उठाकर इस क्षेत्र की बदहाली दूर की जाएगी। उन्होंने दस्यु ददुआ को सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाला बताया। साथ ही ददुआ के भाई कांग्रेस प्रत्याशी बालकुमार को जिताने की अपील की।