हमीरपुर जिले के मौदहा में लॉकडाउन में जैसे ही कुछ छूट दी गई, लोगों ने इसका अनुचित उपयोग शुरू कर दिया है। जिससे हादसों का ग्राफ बढ़ गया है। मंगलवार को गल्ला मंडी गेट के सामने हुए हादसे में दो बाइक सवार किसानों की मौत हो गई।
युवक के सिर पर पहिया चढ़ने से हेलमेट भी चकनाचूर हो गया। बिंवार के ऊपरी सायर गांव निवासी शब्बू (46) व पप्पू उर्फ रामसजीवन (45) बाइक से घर का सामान लेने बाजार जा रहे थे। दोनोें जब मंडी गेट के सामने पहुंचे तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर में लगी बोरिंग मशीन (ड्रिल मशीन) से टकराकर ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गए।
हादसे में रामसजीवन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शब्बू की सांसे चल रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक का हेलमेट चकनाचूर हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर लगा जाम खुलवाया और घायल को अस्पताल भेजा। जहां डाॅक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
बाद में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर कोतवाली पहुंचाया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया दोनों घरेलू सामान लेने कस्बा आए थे। मृतक पप्पू अपने पीछे तीन लड़के और तीन लड़कियां छोड़ गया है, जबकि शब्बू के तीन लड़की और दो लड़के हैं। परिजनों का रो रोकर बुराहाल है। दोनों किसान थे।