Hamirpur News: सराफा व्यापारी के घर से दिनदहाड़े आठ लाख की लूट की घटना सामने आई है। दो नकाबपोश बदमाशों ने पत्नी को चाकू दिखाकर बंधक बनाया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
सराफा व्यापारी की पत्नी को चाकू दिखाकर बंधक बनाकर दो नकाबपोश बदमाश शनिवार दोपहर करीब दो बजे आठ लाख के जेवर लूट ले गए। मात्र 40 सेकेंड में घटना को अंजाम दिया और भाग गए। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। नगर के मियांपुरा मोहल्ला कोट बाजार निवासी प्रमोद कुमार सराफ ने बताया कि कोट बाजार में उनकी आभूषणों की दुकान है। शनिवार दोपहर अपनी दुकान पर बैठे थे। घर में पत्नी माया व बेटा मंगलम था।
विज्ञापन
दोपहर करीब दो बजे दो नकाबपोश बदमाश मेन गेट से घुसकर दूसरी मंजिल पर पहुंच गए। कमरे में रखी अलमारी खोलने लगे। घटना के समय पत्नी माया सोनी किचन में थीं। आहट पाकर कमरे में पहुंची तो एक बदमाश ने चाकू दिखाते हुए डराया धमकाया। बताया कि बदमाश अलमारी से चार सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र व दो अंगूठी लूट कर भाग गए। एक बदमाश मेन गेट से और दूसरा छत से कूदकर भाग गया। बताया कि सीसीटीवी फुटेज में बदमाश घर के अंदर जाते व वापस भागते देखे जा रहे हैं। सूचना पर कोतवाल रामआसरे सरोज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है।
आरोपियों को थी घर की सटीक जानकारी
सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों के आने व जाने के बीच 40 सेकेंड का अंतर है। ऐसे में प्रतीत होता है कि इतनी जल्दी घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को घर के बारे में पूरी जानकारी थी। उन्हें पता था कि जेवरात वाली अलमारी कहां है और उन्हें घटना को अंजाम दे कहां से कैसे भागना है।