बड़सर में पैरा पंप ऑपरेटर और मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती अधर में लटकी
अगस्त में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए हुई थी दस्तावेजों की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी(हमीरपुर)। जल शक्ति विभाग बड़सर के अंतर्गत पैरा पंप ऑपरेटर और मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती अधर में रुकी हुई है। स्क्रीनिंग के 10 माह बीत जाने के बाद भी रिक्त पदों पर भर्ती नहीं हो पाई है। ऐसे में आवेदनकर्ता अभ्यर्थियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
विभाग की ओर से दो से तीन बार इन अभ्यर्थियों को दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया के लिए बुलाया गया था, लेकिन अभी तक पदों पर नियुक्ति को लेकर किसी भी अभ्यर्थी को कॉल लेटर नहीं आया है। विभाग की ओर से बड़सर उपमंडल में विभिन्न स्थानों पर पैरा पंप ऑपरेटर और मल्टी टास्क वर्करों के 25 रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती का आयोजन किया गया था।
भर्ती प्रक्रिया पूर्व में फरवरी और उसके उपरांत अगस्त 2024 में आयोजित की गई। बड़सर के स्थानीय युवाओं ने पदों के लिए आवेदन करके दस्तावेज कार्यालय में जमा करवाए, लेकिन अभी तक स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाई है। ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के उद्देश्य से शुरू की गई भर्ती अब अभ्यर्थियों के लिए ही परेशानी का सबब बन गई है। उन्होंने जल शक्ति विभाग से भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण करने की मांग की है।
कोट
पैरा पंप ऑपरेटर और मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती को लेकर प्र्रक्रिया में कुछ बाधाएं थीं, जिन्हें दूर कर लिया गया है। आगामी समय में जल्द ही लंबित मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती को पूर्ण कर लिया जाएगा।
-हर्ष शर्मा, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग, बड़सर