हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र में मनकहरी व पचखुरा गांव के बीच खेत में पेड़ के नीचे नर कंकाल मिला। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। क्षेत्र के पचखुरा व मनकहरी गांव के मध्य खेत में बबूल के पेड़ के नीचे एक अज्ञात मानव कंकाल मिला है।
जो लगभग एक माह पुराना लग रहा है। जिसके मांस को कुत्ते व जंगली जानवरों ने नोच कर खा लिया है। खोपड़ी व हाथ की हड्डियां जानवरों द्वारा अलग कर दी गई है। कंकाल के पास में ही नीले रंग का मटमैला पैंट जिसकी जेब में फटे पुराने कपड़ों के चिथड़े, माचिस व गुटखा की पुड़िया, सफेद रंग की मटमैली कॉलर वाली टी शर्ट व एक गोल गले की हल्के हरे रंग की टी-शर्ट मिली हैं।
थानाध्यक्ष राम आसरे सरोज ने बताया कि कपड़ों के देखने से किसी विछिप्त व्यक्ति का कंकाल लग रहा है। इसके अतिरिक्त पहचान का कोई भी सामान नहीं मिला है। आगे बताया कि ग्राम प्रधान पचखुरा राजेंद्र सिंह यादव की लिखित सूचना पर कंकाल का पंचायत नामा भरकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।