राठ कोतवाली गेट पर दोनों पक्षों में हुई मारपीट
- फोटो : अमर उजाला
यूपी 112 में तैनात सिपाही की पत्नी ने पति पर मोहल्ले की ही युवती से अवैध संबंध का आरोप लगाया। कोतवाली गेट पर सिपाही की पत्नी, साली, आरोपी युवती व उसके परिजनों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में सिपाही की साली बेहोश हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों पर शांतिभंग की कार्रवाई की।
महोबा जिले के खरेला थाने के पड़ोरा गांव निवासी शिवकुमारी परिहार ने बताया कि उनके पति रामू परिहार मझगवां थाने में यूपी 112 में सिपाही हैं। वह अपने पति के साथ अतरौलिया मोहल्ले में किराए पर रहती हैं। आरोप लगाया कि मोहल्ले की ही युवती ने उनके पति को प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोप है कि करीब सात माह से युवती व उनके पति के बीच अवैध संबंध हैं। इस कारण पति मारपीट करने लगे। दो जनवरी को पति ने मारपीट की जिस पर वह मायके चली गईं। 10 फरवरी को देवर श्यामू सिंह परिहार मायके से ले आए। बुधवार को वह अपनी बहन सुमन परिहार के साथ आरोपी युवती के घर उसे समझाने गईं।
आरोप लगाया कि मौके पर आए उनके पति व युवती ने उन्हें व उनकी बहन के साथ मारपीट की। मोबाइल फोन व स्कूटी तोड़ दी। बृहस्पतिवार दोपहर सिपाही की पत्नी अपनी बहन के साथ कोतवाली पहुंची। पीछे से युवती व उसके परिजन भी आ गए। कोतवाली गेट पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। महिलाओं ने एक दूसरे के बाल पकड़कर जमकर पीटा। मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने उन्हें अलग किया। कोतवाल रामआसरे सरोज ने कहा कि दोनों पक्षों पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।