हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र का अतिसंवेदनशील गांव परछा सोमवार सुबह एक बार फिर गोलियों की आवाज से गूंज उठा। यहां दो पक्षों में चुनावी रंजिश को लेकर रविवार की शाम हुए विवाद के कारण सोमवार सुबह एक युवक ने दरवाजे पर खड़े मां-बेटे के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों जमीन पर गिर पड़े।
घायल महिला परछा की महिला प्रधान की बहन है। घायलों को मौदहा के सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उन्हें कानपुर भेज दिया गया है। घटना के बाद आरोपी फरार है। दोनों पक्षों में तनाव को देखते गांव को पुलिस तैनात है। बतादें परछा गांव में रविवार की शाम दो पक्षों के बीच चुनावी रंजिश को लेकर कहासुनी हुई। दो परिवारों के बच्चों के विवाद में हाथापाई की नौबत आ गई थी।
विवाद के समय एक पक्ष का युवक आकिब जावेद (28) भी मौके पर मौजूद था। उसने विपक्षियों की गालीगलौज का विरोध किया। जिससे मामला तूल पकड़ने लगा। मौके की नजाकत को देख मौजूद ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। फिर भी विपक्ष के लोग आकिब जावेद से बदला लेने की खुन्नस बनाए थे। सोमवार को आकिब जावेद अपनी मां ताहिराबानो (55) के साथ घर के दरवाजे पर खड़ा था।