हमीरपुर जिले में सरीला कस्बे जा रहे बाइक सवारों को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिसमें बाइक चालक की मौत हो गई। जबकि दो साथी घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जलालपुर थाने के बिलगांव निवासी संदीप कुमार (25) ने बताया कि मंगलवार शाम गांव के ही अपने मित्र विवेक कुमार (21) व अजय कुमार (20) के साथ बाइक से सरीला कस्बा जा रहे थे।
विज्ञापन
रात करीब साढ़े 8 बजे पुरैनी गांव के पीली डेरा के समीप ट्रैक्टर चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर 108 एम्बुलेंस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर सत्येंद्र कुमार ने बाइक चालक विवेक कुमार को मृत घोषित कर दिया। चालक विवेक सिर में हेलमेट नहीं पहने था। मृतक की नौ माह की गर्भवती पत्नी पूनम, मां किरन, छोटे भाई निखिल का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पिता के साथ खेती बाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।