जीजीआईसी में आयोजित पुलिस पाठशाला में मौजूद छात्राएं।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। पुलिस अधीक्षक शुभम पटेल ने कहा कि छात्राएं व महिलाएं आत्मबल मजबूत रखें। इससे बड़े से बड़ा अपराधी आपके सामने नतमस्तक हो जाएगा। पुलिस हर कदम पर आपके साथ खड़ी है।
शहर के राजकीय बालिका इंटर कालेज में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस पाठशाला में एसपी ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए सरकार ने विभिन्न कानून बनाए हैं। जरूरत पड़ने पर छात्राएं व महिलाएं इनका लाभ उठाएं। बेहिचक अपने ऊपर होने वाले अपराधों के बारे में पुलिस को अवगत कराए। पुलिस हमेशा आपकी सहायता के लिए तत्पर है। अपने माता व पिता की बातें माने, उनकी अनदेखी कभी न करें। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 112, 1090 सहित हर थाने में स्थापित महिला हेल्प डेस्क के बारे में जानकारी दी। छात्राओं द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब भी दिया। साइबर टीम के युनिस खान व संदीप यादव ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बारे में जानकारी दी। प्रधानाचार्या सरस्वती देवी, शिक्षिका प्रेरणा, शिक्षक अमित दक्ष मौजूद रहे।