चकेरी के मथुरापुर गांव में बीती 22 सितंबर को झाड़ियों में मिले अधजले शव की शिनाख्त सोमवार को मृतक के पिता रामचन्द्र पाल ने छोटे बेटे सनिगवां निवासी मानस पाल उर्फ छोटू (25) के रूप में की। उन्होंने अपनी पत्नी मंजू देवी, बड़े बेटा प्रांजल उर्फ गोपी और उसकी पत्नी किरन पर आरोप लगाते हुए तीनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पिता ने बड़े बेटे के प्रेम विवाह का विरोध करने को छोटे बेटे की हत्या की वजह बताया है।
मूलरूप से फतेहपुर के जहानाबाद निवासी रामचन्द्र पाल अपने बेटे को खोजते हुए चकेरी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। सनिगवां के संदीपनगर में भी एक मकान है। उसमें उनकी पत्नी, बड़ा बेटा, अपनी पत्नी के साथ रहता है। छोटा बेटा मानस पेशे से ट्रक चालक था। कभी फतेहपुर तो कभी सनिगवां में रहता था।
रामचंद्र के अनुसार प्रांजल ने कुछ माह पहले प्रेम विवाह किया था। मानस इसका विरोध करता था जिसे लेकर दोनों भाइयों में विवाद था। मां मंजू बड़े बेटे का ही पक्ष लेती थी। रामचंद्र कुछ दिनों पहले मुंबई चले गए। अन्य सदस्य संदीपनगर में ही थे। 21 सितंबर से रामचंद्र ने मानस को फोन किया तो उसका मोबाइल फोन बंद बताने लगा।
अपनी पत्नी व बड़े बेटे से बात की तो सही जवाब नहीं मिला। रविवार को वह मुंबई से फतेहपुर आ गए। वहां पता चला कि मानस गांव में 21 सितंबर को आया था। उसने गांव में कुछ लोगों से बड़े भाई और भाभी पर संपत्ति के लिए उसकी हत्या कर देने की आशंका जताई थी। इसके बाद से मानस लापता हो गया। रामचंद्र उसे खाेजते हुए थाने पहुंचे। पुलिस द्वारा दिखाई गई शव की तस्वीर और कपड़ों से उन्होंने शव की शिनाख्त अपने बेटे के रूप में की।
थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि शव की शिनाख्त न हो पाने के चलते पोस्टमार्टम के बाद अज्ञात में उसका अंतिम संस्कार करा दिया गया था। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। कुछ अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।