गुटखा कारखाने के बाहर खड़ी कार
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के बांदा जिले में चित्रकूटधाम मंडल सहित आसपास के जिलों में भारी मात्रा में बेचे जाने वाले एक गुटखा के मालिक के घर और कारखाने पर बुधवार की रात लखनऊ से आई अफसरों की टीम ने छापा मारा। यह कार्रवाई कई घंटे तक चली। छापामार टीम जीएसटी की बताई जा रही है। इस कार्रवाई की जानकारी पुलिस और स्थानीय प्रशासन को भी नहीं नहीं है। गुटखा व्यापारी भी कुछ बताने से इनकार कर रहा है।
शहर के मशहूर गुटखा व्यापारी का कारखाना और घर डीएवी कालेज के पास स्थित है। यहां भारी मात्रा में गुटखे का उत्पादन और कारोबार होता है। पूर्व में भी यहां आयकर विभाग और वाणिज्य कर विभागों के छापे पड़ चुके हैं। बुधवार को शाम सफेद रंग इनोवा कार में चार सदस्यीय टीम यहां आ धमकी। कार में लखनऊ का नंबर था और नंबर प्लेट पर अंग्रेजी में पुलिस लिखा था। टीम के चारों सदस्य आनन-फानन गुटखा व्यापारी के घर और कारखाने में दाखिल हो गए। मुख्य दरवाजा बंद करा लिया।
टीम ने कई घंटे वहां उपलब्ध माल का भंडार, अभिलेख और कैश आदि खंगाले। सूत्रों के मुताबिक कई अभिलेख और कुछ कैश बरामद किया। देर रात टीम बाहर निकली और कार पर सवार होकर निकल गई। भनक लगने पर कुछ मीडिया कर्मी पहुंच गए। टीम के बाहर निकलते ही उनसे सवाल किया तो कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। मीडिया कर्मियों के खबर देने पर पुलिस नगर क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह ने अपने स्तर से पता लगाकर बताया कि टीम जीएसटी की थी। हालांकि उन्होंने कहा कि टीम के आने या छापे की कोई सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई। गुटखा कारखाना मालिक ने भी टीम की जानकारी देने से इनकार कर दिया।