कानपुर देहात। माती स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला आजीविका मिशन क्रियान्वयन व अनुश्रवण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। अग्रणी प्रबंधक से समूहों को सीसीएल (नकद ऋण सीमा) के तहत मिलने वाले ऋण की पत्रावली को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा गया है।
जिले में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित समूहों को सीसीएल के तहत ऋण उपलब्ध कराया जाता है। चालू वित्तीय वर्ष में शासन द्वारा 2300 महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष अभी तक 2025 महिलाएं ही योजना से लाभांवित हो सकी हैं। 275 का लक्ष्य अभी बाकी है। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अग्रणी प्रबंधक से बैंकों में रुकी हुई पत्रावली को वितरित पूरा करने के निर्देश दिए।
अग्रणी प्रबंधक ने बताया कि 20 फरवरी को सभी सरकारी योजनाओं से संबंधित मिलने वाले ऋण के लिए बैंक शाखाओं में शिविर का आयोजन होगा। वहीं लखपति महिला कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपायुक्त स्वत: रोजगार गंगाराम वर्मा ने विभागीय योजनाओं से समन्वय स्थापित करने अपील की। जबकि मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने डेयरी का कार्य करने वाले समूहों को चिह्नित किए जाने के निर्देश दिए। यहां उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव, जिला कृषि अधिकारी उमेश गुप्ता, जिला अर्थ व संख्या अधिकारी प्रतिभा सिंह, निदेशक आरसेटी मंयक कटियार व डीपीआरओ विकास पटेल आदि मौजूद रहे।