फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Green Park: ड्रेनेज सिस्टम और नई दर्शक दीर्घा की डिजाइन पर जल्द लगेगी मुहर, UPCA ने पिच को लेकर किया ये फैसला

Thu, 24 Oct 2024 11:01 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: यूपीसीए की प्राथमिकता स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करवाना है। तीन मंजिला दर्शक दीर्घा का निर्माण खेल विभाग के साथ मिलकर किया जाएगा। साथ ही, ग्रीनपार्क में लाल मिट्टी की पिच भी बनाने पर सहमति जताई गई है।
विज्ञापन
ग्रीनपार्क - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर में तीन महीने के अंदर ग्रीनपार्क में लगने वाले ड्रेनेज सिस्टम और तीन मंजिला दर्शक दीर्घा डिजाइन तय हो जाएगी। इसके बाद चुने गए ड्रेनेज सिस्टम और दर्शक दीर्घा की डिजाइन प्रदेश सरकार को भेजी जाएगी। शासन से हरी झंडी मिलते ही इनका निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) बुधवार को हुई 19वीं वार्षिक आम सभा (एजीएम) में यह तय किया गया। एजीएम में वाराणसी और गाजियाबाद के स्टेडियमों को संवारने के लिए भी कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई।

विज्ञापन

कमला क्लब में हुई यूपीसीए की एजीएम के बाद सचिव अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रीनपार्क में दर्शक दीर्घा और ड्रेनेज सिस्टम के विस्तार के लिए लखनऊ, वाराणसी और दिल्ली के आर्किटेक्ट से बात हो रही है। उनकी टीमें जल्द ही ग्रीनपार्क आएंगी। चुना गया आर्कीटेक्ट दो से तीन महीने में दोनों कामों के लिए ब्लूप्रिंट तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि यूपीसीए की प्राथमिकता स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करवाना है। तीन मंजिला दर्शक दीर्घा का निर्माण खेल विभाग के साथ मिलकर किया जाएगा।

एजीएम में ग्रीनपार्क में लाल मिट्टी की पिच भी बनाने पर सदस्यों ने सहमति जताई। अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि बीसीसीआई अब लाल मिट्टी की पिच को प्राथमिकता दे रहा है। ऐसा होने पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी मिलना आसान हो जाएगी। इस मौके पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि ग्रीनपार्क के साथ ही वाराणसी और गाजियाबाद के स्टेडियमों को भी संवारने के लिए कार्ययोजना बनाने पर चर्चा की गई है।

प्रदेश में क्रिकेट के विस्तार के लिए बनाई जा रही है योजनाएं
इसे भी जल्द ही धरातल पर लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में क्रिकेट के विस्तार के लिए कई योजनाएं बनाई जा रही है। एजीएम में यूपीसीए अध्यक्ष निधिपति सिंहानिया, निदेशक युद्धवीर सिंह, प्रदीप गुप्ता, संयुक्त सचिव रियासत अली, कोषाध्यक्ष प्रेम मनोहर गुप्ता, एपेक्स सदस्य संजीव मिश्रा, माधवपत सिंहानिया, सीईओ अंकित चटर्जी, पूर्व क्रिकेटर गोपाल शर्मा, राहुल सप्रू, रीता डे, अर्चना मिश्रा, सुजीत श्रीवास्तव आदि भी मौजूद रहे।
विज्ञापन

विवादों से बचते रहे डॉ. निधिपति सिंहानिया
एजीएम के बाद यूपीसीए के अध्यक्ष डॉ. निधिपति सिंहानिया ने कहा कि ग्रीनपार्क काफी पुराना स्टेडियम है, इसमें सुधार किया जाना जरूरी है। इसके लिए प्रदेश सरकार से बात हो चुकी है। स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने से लेकर तीन मंजिला दर्शक दीर्घा के निर्माण का काम जल्द शुरू होगा। उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीमों के चयन में धांधली के आरोपों के सवाल पर यूपीसीए अध्यक्ष ने बचते हुए कहा कि वह विवादों से दूर रहना चाहते हैं। उन्होंने यूपीसीए में अपना प्रतिनिधि नियुक्त करने के सवाल पर भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें