कानपुर। सपा ने पांचों विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट रोल मतदाता सूची विधानसभा अध्यक्षों को सौंपी दी। इसमें बताया गया कि 4,67,461 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। सपा के महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कहा कि गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र में पीडीए के लोगों के सबसे ज्यादा मत कटे हैं। 13 जनवरी को सपा डीएम को एसआईआर पर ज्ञापन सौंपेगी।
सपा के गोविंदनगर, सीसामऊ, आर्यनगर, किदवईनगर और कैंट विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्षों तथा पीडीए टीम की बैठक नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कहा कि सभी कार्यकर्ता वार्ड स्तर की बैठक करें। ड्राफ्ट रोल का अध्ययन कर इसकी रिपोर्ट तैयार करके 11 जनवरी तक कार्यालय में दें। पूरी आकलन रिपोर्ट तैयार करके डीएम को ज्ञापन दिया जाएगा। इसका पूरा विवरण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि गोविंदनगर में 98,212, सीसामऊ में 64,488, आर्यनगर में 95,068, किदवईनगर में 85,096, तथा कैंट में 1,24,597 नाम हटे हैं। कुल 4,67,461 मतदाताओं को एसआईआर से वंचित कर नाम हटा दिए गए। सबसे ज्यादा नाम गोविंदनगर क्षेत्र में हटे हैं। जो अनुपस्थित हैं उनका नाम वर्तमान ड्राफ्ट रोल में प्रकाशित है। सपा इसके लिए सर्वेक्षण टीम तैयार कर ली है। बैठक में प्रदेश सचिव केके शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू, महासचिव संजय सिंह बंटी, शबाब अबरार, मुमताज मंसूरी, आकाश यादव आदि रहे।