यूपी के हरदोई जिले से 2 जनवरी को लापता हुए संडीला कस्बा निवासी गोविंदा (22) पुत्र दिलीप सिंह की हत्या कर दी गई थी। सीतापुर के संदना गांव के पास शव बरामद हुआ। हत्या के मामले में फरार चल रही उसकी प्रेमिका व उसके भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
2 जनवरी को लापता हुए कस्बा निवासी गोविंदा (22) पुत्र दिलीप सिंह की हत्या कर दी गई थी। अगले दिन 3 जनवरी को सीतापुर के संदना गांव के पास शव बरामद हुआ। मां सुशीला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। 5 जनवरी को पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया।
प्रेमिका ने गोविंदा को फोन कर घर बुलाया
पुलिस के मुताबिक गोविंदा की हत्या प्रेम प्रसंग में की गई थी। खुलासे के अनुसार 2 जनवरी को प्रेमिका वैष्णवी ने गोविंदा को फोन कर मोहल्ला इमलिया बाग स्थित घर बुलाया। इसके बाद वैष्णवी के परिजनों ने गोविंदा के साथ मारपीट की।
आरोपी बोलेरो में लादकर गोविंदा को सीतापुुर के गांव संदना के पास ले गए और वहां उसकी हत्या कर शव फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में वैष्णवी समेत उसके पिता हरि गुप्ता, भाई उत्तम, ज्ञानू, इंदु गुप्ता, शुक्कू उर्फ सर्वेश व बहन लक्ष्मी गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस ने आरोपी प्रेमिका और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया
घटना का खुलासा करने के साथ ही पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो व आला कत्ल समेत आरोपी हरि गुप्ता, भाई उत्तम और ज्ञानू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
बुधवार को पुलिस ने कस्बे से ही प्रेमिका वैष्णवी व उसके भाई सर्वेश को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।