डीसीपी ने बताया कि गैंग ने यूपी, बिहार, झारखंड समेत कई अन्य प्रदेशों में डकैती डाली है। वर्तमान में गैंग लीडर जोगेंद्र और सुधीर डकैती के केस में नालंदा जेल में बंद हैं।
16 सितंबर को गोविंद नगर के शिवम इन्क्लेव में स्थित एक फ्लैट में वृद्धा को बंधक बनाकर 14 लाख की पड़ी डकैती का क्राइम ब्रांच ने रविवार को खुलासा कर दिया। बिहार के गैंग ने वारदात को अंजाम दिया था। गैंग लीडर समेत पांच डकैतों ने वारदात की थी। डकैती में शामिल एक आरोपी (16 वर्षीय किशोर) को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
आरोपी ने पूरी वारदात कबूली है। गैंग लीडर समेत तीन बदमाश अलग-अलग जेल में बंद हैं जबकि पांचवें डकैत की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल के मुताबिक सर्विलांस की मदद से देवरिया निवासी 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में उसने बताया कि 15 सितंबर को वह अपने रिश्तेदार देवरिया निवासी मुन्ना यादव के साथ गोरखपुर आया। यहां पर एक अन्य शख्स मुन्ना से मिला। जिसका उसको नाम नहीं पता। फिर ये तीनों पहले लखनऊ और वहां से 16 सितंबर की रात कानपुर पहुंचे।
विज्ञापन
यहां पहले से ही सिवान, बिहार निवासी जोगेंद्र महतो (गैंगलीडर) व उसका साथी पटना का रहने वाला सुधीर महतो मौजूद था। फिर सभी शिवम इन्क्लेव पहुंचे। यहां पर आशा देवी के फ्लैट में करीब 45 मिनट तक लूटपाट की थी। उसके बाद वहां से फरार हो गए थे। गिरफ्तार किशोर के पास से साढ़े चार हजार रुपये व आठ ग्राम गला हुआ सोना बरामद हुआ है।
नालंदा और देवरिया जेल में बंद हैं आरोपी
डीसीपी ने बताया कि गैंग ने यूपी, बिहार, झारखंड समेत कई अन्य प्रदेशों में डकैती डाली है। वर्तमान में गैंग लीडर जोगेंद्र और सुधीर डकैती के केस में नालंदा जेल में बंद हैं। मुन्ना यादव एनडीपीएस एक्ट के मामले में देवरिया जेल में है। सूत्रों के मुताबिक कई प्रदेशों की पुलिस मुन्ना यादव की तलाश कर रही थी इसलिए वह पुलिस से सांठगांठ कर एनडीपीएस में जेल चला गया।
डीसीपी ने बताया कि इन तीनों आरोपियों से पूछताछ के लिए कोर्ट से बी वारंट लिया जाएगा। पूछताछ के बाद रिमांड पर लेकर कानपुर लाया जाएगा। गिरफ्तार किशोर पांचवें आरोपी के बारे में जानकारी नहीं दे सका है। क्राइम ब्रांच उसके बारे में पता कर रही है। आशंका है कि वह भी कहीं न कहीं जेल में होगा। आरोपी मुन्ना अधिकतर बिहार में ही रहता है। आरोपी किशोर का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।
किशोर ने गार्ड को चाकू की नोक पर रोका था
किशोर ने बताया कि उसके साथियों ने अपार्टमेंट में घुसते ही गार्ड को पीटकर बंधक बना लिया था। उसके बाद सभी फ्लैट में चले गए थे। नीचे उसने गार्ड को चाकू की नोक पर रोके रखा था। डकैत मुन्ना पर डेढ़ दर्जन केस हैं। जोगेंद्र व सुधीर पर भी 20 से अधिक मामले हैं। अधिकतर मामले लूट और डकैती के हैं। पूछताछ में लूट की रकम व जेवरात का भी पता चलेगा। गिरफ्तार किशोर को आरोपियों ने 40 हजार रुपये दिए थे।
इन्होंने डाली थी डकैती:
जोगेंद्र महतो, खेरवा जनपद सिवान, बिहार(नालंदा जेल में बंद)
सुधीर महतो, बेलची पटना, बिहार (नालंदा जेल में बंद)
मुन्ना यादव, खामपार थाना क्षेत्र, देवरिया (देवरिया जेल में बंद)
नाबालिग, खामपार, देवरिया, (कानपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया)
एक अन्य आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है