जल निगम को भी टूटे हुए चैनल जल्दी ठीक करने के लिए कहा गया है। जल निगम की तरफ से प्रशासन को बताया गया है कि अगले 48 घंटे में इसको फिर से खोल दिया जाएगा। उसके एक दो दिन बाद टेनरियां की बंदी का आदेश हटाया जा सकता है। गौरतलब है कि जाजमऊ की 100 टेनरियां करीब एक साल पहले से बंद हैं। ओवरफ्लो की वजह से इन्हें बंद किया गया था। बाकी 113 को इस नए आदेश के तहत बंद कर दिया गया है। इस तरह से कुल 213 टेनरियों पर ताला लग गया है। टेनरी संचालकों का कहना है कि अचानक से टेनरियों के बंद होने से भीगे हुए चमड़े के स़ड़ने की आशंका है।
एसटीपी की ठेकेदार कंपनी की लापरवाही से टूटा गेट
एसटीपी का संचालन कर रही केआरएमपीएल (कानपुर रिवर मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड) ने 15 सितंबर को सीवेज एफ्लुएंट प्लांट में नया गेट लगाने के लिए इरीगेशन चैनल के गेट से सटाकर कई फीट गहरे गड्ढे खोद दिए। शोधित होकर आने वाले पानी के साथ तेज बारिश से आए पानी की वजह से गेट टूट गया। इस वजह से प्लांट से पानी एयरफोर्स नाला के जरिए सीधे गंगा में जाने लगा। जल निगम के अधिकारियों का मानना है कि यदि ठेकेदार ने इरीगेशन चैनल से सटाकर खुदाई न करने रैंप बनाकर खुदाई कराई होती तो गेट न टूटता और गंगा में पानी न जाता।
चार प्लांट में 21.7 करोड़ लीटर पानी शोधित होता है
जाजमऊ में 21.7 करोड़ लीटर गंदा पानी शोधित करने की क्षमता वाले एसटीपी में चार प्लांट लगे हैं। इनमें से 36 एमएलडी (मिलियन लीटर डेली) क्षमता वाले प्लांट में टेनरियों का क्रोमियमयुक्त जहरीला पानी भी शोधित होता है। अन्य तीनों प्लांटों में टैप किए गए सीसामऊ नाले सहित अन्य नालों का पानी शोधित किया जाता है। चारों प्लांटों में शोधित पानी सीवेज एफ्लुएंट हाउस में पहुंचता है और वहां से इरीगेशन चैनल के जरिए नहर में भेजा जाता है। नहर का पानी शेखपुर, जाना, मोतीपुर, मदारपुर सहित अन्य गांवों में जाता है और सिंचाई के काम आता है।
नंबर गेम
- 100 टेनरियां पहले से ही बंद चल रही थीं
- 113 टेनरियां इस आदेश से बंद कर दीं गईं
जाजमऊ एसटीपी में एरीगेशन चैनल का गेट टूटने से शोधित पानी एयरफोर्स नाले से गंगा में जा रहा है। केआरएमपीएल को नोटिस दिया है। शाम तक उन्होंने टूटे गेट की मरम्मत और उसके पिलर बना दिए हैं। इन्हें सूखने में 24 से 36 घंटे लगेंगे। इसके बाद प्लांट का पानी नहर में जाने लगेगा। - ज्ञानेंद्र चौधरी, प्रोजेक्ट मैनेजर, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई