इटावा के शाहकमर मोहल्ला स्थित कुश्ती के पूर्व जिलाजीत और मीट कारोबारी के घर से चोर जेवर और नगदी ले गए। घर के लोग दूसरे कमरे में मौजूद रहे लेकिन किसी को भनक नहीं लगी। चोर दो बेटियों के दहेज के लिए जोड़ कर रखा जेवर भी ले गए। पहलवान ने बताया कि करीब 6 लाख का जेवर और 50 हजार रुपये चोरी हुए हैं। पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के शाहकमर मोहल्ला निवासी सईद कुरैशी के घर में बुधवार रात को चोरी हो गई। वह मीट सप्लाई का काम करते हैं और पत्नी बच्चों के साथ उक्त मोहल्ला में रह रहे हैं। सईद पहलवान ने बताया कि गुरुवार तड़के उनकी बेटी नमाज अदा करने के लिए उठी तो उसने एक कमरे का सामान बिखरा देखा। बेटी ने घर के लोगों को जगाया तो पाया कि अलमारी खुली पड़ी है और जेवर गायब।
उन्होंने बताया कि बुधवार को वह परिवार के साथ एक शादी में शामिल होने गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे लौट आए थे। घर के सदस्य अलग-अलग कमरों में सोए हुए थे। जिस कमरे में चोरी हुई, उसमें किशोर उम्र का छोटा बेटा सोया हुआ था। सईद ने बताया कि पता नहीं कि चोरों ने उसे कुछ सुंघा दिया उसे कुछ आहट नहीं हुई। उन्होंने बताया कि दो बेटियों की शादी की तैयारियां कर रहे हैं।
उनके जेवर बनवाए थे। इसके अलावा उनकी पत्नी के जेवर रखे थे। चोर जंजीर, हार, अगूंठियां, चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये ले गए। गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर आई, कुछ फोटो खींचे और चली गई। वह कोतवाली में चोरी की तहरीर दे आए हैं। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।