एक साल में सोने पर 17 और चांदी पर 26 प्रतिशत रिटर्न मिला है। जबकि म्यूचुअल फंड में 25 फीसदी का फायदा हुआ। सितंबर में भाव में उतार-चढ़ाव देखे गए, लेकिन उसके बाद दोनों ही बहुमूल्य धातुओं के दाम में तेजी बनी हुई है।
सोने-चांदी में निवेश भारी फायदे का सौदा बन गया है। मंगलवार को इनका भाव क्रमश: 80 हजार प्रति 10 ग्राम और एक लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया, जो नया रिकॉर्ड हैं। पिछले एक साल में सोने के दाम में 17700 रुपये की तो चांदी में 27 हजार से ज्यादा की तेजी आई है।
विज्ञापन
इनमें किए गए निवेश पर मिला रिटर्न बैंक की एफडी पर मिलने वाले अधिकतम ब्याज से ज्यादा है। चांदी पर तो 26 फीसदी का मोटा रिटर्न मिला, जबकि श्रेष्ठ म्यूचुअल फंठों में अधिकतम 25 फीसदी की ग्रोथ हुई है।
वहीं, सोने में निवेश करने वालों को एक साल में 17 फीसदी का फायदा हुआ है, जबकि बैंक एफडी पर अधिकतम 8.5 फीसदी ब्याज ही मिलता है। फरवरी में आम बजट में सोने और चांदी के आयात शुल्क में कमी आने के बाद इनके दाम में गिरावट आई थी।
विज्ञापन
सितंबर में भाव में उतार-चढ़ाव देखे गए, लेकिन उसके बाद दोनों ही बहुमूल्य धातुओं के दाम में तेजी बनी हुई है। अब तो सोने-चांदी का भाव नए कीर्तिमान गढ़ रहे हैं। हालांकि भाव बढ़ने से मात्रा के लिहाज से कुल कारोबार घटा है।
पहले प्रति दिन अमूमन 35 किलो ठोस सोने और गहनों की बिक्री होती थी। अब यह बिक्री घटकर औसतन 30 किलो प्रतिदिन पर आ गई है। हालांकि चोटी पर भाव होने की वजह से टर्नओवर बढ़ा है।
अब दिवाली पर खपत भी बढ़ने की संभावना है। शहर में मौजूदा टर्नओवर करीब 25 करोड़ रोज का है, जो दिवाली में बढ़कर औसतन 125 करोड़ प्रतिदिन हो जाने का अनुमान है।
उप्र सराफा एसोसिएशन के मंत्री राम किशोर मिश्रा ने बताया कि सोने-चांदी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसमें निवेश पर बहुत अच्छा रिटर्न मिला है। सोने में मिले 17 फीसदी और चांदी में 26 फीसदी रिटर्न बैंक एफडी पर मिलने वाले ब्याज बहुत ज्यादा हैं।
एफडी में वरिष्ठ नागरिकों को अधिकतम रिटर्न मिलता है, जो 8.5 फीसदी है। उन्होंने बताया कि बीते एक महीने में ही चांदी के भाव में प्रति किलो 9100 और सोने के भाव में 4100 रुपये प्रति दस ग्राम की तेजी आ चुकी है।
निवेश के लिए अभी करें इंतजार
ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा के मुताबिक जिस तरह से सोने-चांदी में तेजी है, उसे देखते हुए यह निवेश के लिए सही समय नहीं है। हालांकि 2025 में चांदी के भाव एक लाख 15 हजार प्रति किलो और सोने के भाव 85 से 86 हजार प्रति 10 ग्राम तक जा सकते हैं।
सोने-चांदी के भाव
तारीख
सोना
चांदी
15 अक्तूबर
78000
92500
16 अक्तूबर
78500
94100
17 अक्तूबर
78700
93700
18 अक्तूबर
79350
94700
19 अक्तूबर
79800
99000
21 अक्तूबर
80300
100000
नोट: 20 अक्तूबर को थोक सराफा बाजार बंद था। सोने के भाव प्रति दस ग्राम और चांदी का भाव प्रति किलो में उप्र सराफा एसोसिएशन के अनुसार।