बिल्हौर के चौबेपुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। बुधवार को विकास खंड कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के चलते दफ्तर से एक काली बकरी द्वारा महत्वपूर्ण फाइल लेकर भागने और कई ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों के अभिलेख खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
पूरा मामला हाईलाइट होने पर कार्यालय में हड़कंप मचा तो खंड विकास अधिकारी ने संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा है। जानकारी के अनुसार, विकास खंड कार्यालय स्थित पंचायत सचिव दफ्तर में बुधवार को एक बकरी घुस गई।बताते हैं कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, देखते ही देखते बकरी ने मौके पर मिले कई ग्राम पंचायतों के अभिलेखों को निगलना शुरू कर दिया। जब वहां मौजूद कुछ लोगों ने बकरी को देख भगाया तो बकरी एक फाइल मुंह में दबाकर भाग निकली।