कानपुर। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग में बुधवार को हुए पहले मैच में ग्लोरी क्लब ने सिटी क्लब को आठ विकेट से और दूसरे मैच में वंडर्स क्लब ने आदर्श क्लब को पांच विकेट से हराया। पनकी स्थित राम लखन भट्ट मैदान पर हुए मैच में सिटी क्लब की पूरी टीम 19.2 ओवर में मात्र 58 रन पर आउट हो गई।
टीम से सर्वाधिक 33 रन की पारी युवराज गौतम ने खेली तो पांच खिलाड़ी अपना खाता भी नहीं खोल पाए। गेंदबाजी में ग्लोरी क्लब की ओर से उत्कर्ष ने पांच, आदित्य ने तीन, राजन यादव और विराट गुप्ता ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। वहीं सिटी क्लब की टीम ने 4.3 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 59 रन बनाकर मैच जीता। टीम से अभिषेक ने 36 रन बनाए तो गेंदबाजी में सिटी क्लब की ओर से शशांक और उत्कर्ष ने एक-एक विकेट लिया। उत्कर्ष को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में आदर्श क्लब ने 28.3 ओवर में 162 रन बनाए। टीम से देवेश तिवारी ने 32, मनीष यादव ने 25, राज कुशवाहा ने 20 रन बनाए तो गेंदबाजी में वंडर्स क्लब से राही प्रताप सिंह ने चार, सूरज यादव ने दो, रंजीत, यश यादव, हिमेंद्र ने एक-एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए वंडर्स क्लब ने 29.1 ओवर में पांच विकेट पर 163 रन बनाकर मैच जीता। टीम से निलेश कौल ने 51, मो. उबैद ने 43 व शाहूल वर्मा ने 22 रन बनाए। गेंदबाजी में आदर्श क्लब की ओर से आलोक सिंह ने दो, निखिल यादव और देवेश तिवारी ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। चार विकेट लेने वाले राही प्रताप सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।