कल्याणपुर के इंदिरानगर स्थित राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास में आईटीआई छात्रा से मारपीट करने वाली महिला कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। तीन दिन पहले हुई घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कन्नौज के तिर्वा परसपुर गांव निवासी नेहा कमल राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के कमरा नंबर 16 में रहकर आईटीआई पांडुनगर में पढ़ती है।
विज्ञापन
नेहा ने बताया कि 18 दिसंबर की रात वह अपने कमरे में मौजूद थी। उसी दौरान नशे में धुत महिला कर्मचारी गुड़िया आई और गालीगलौज करने लगी। विरोध करने पर गुड़िया ने छात्रावास की वार्डन किरण बाला के इशारे पर उसे व साथी छात्रा को पीट दिया। छात्रावास की युवतियों के विरोध किया तो भविष्य बर्बाद कर देने की धमकी भी दी। कल्याणपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।