घाटमपुर कोतवाली में तैनात दरोगा प्रेम संबंधों को लेकर चर्चा में है। रविवार को कोतवाली के सामने पुलिस आवास में दो साल तक प्रेम प्रसंग के बाद महिला दरोगा ने शादी का दबाव बनाया तो इंकार कर दिया। विरोध करने पर दरोगा ने महिला दरोगा के साथ मारपीट की।
यह घटना अधिकारियों तक पहुंची तो इस घटना के अलावा दरोगा का पिछली करतूतों का कच्चा चिट्ठा मांगा गया है। कोतवाली में तैनात एक दरोगा का दो साल से कानपुर कोतवाली में तैनात महिला दरोगा से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला ने दरोगा से शादी के लिए कहा तो उसने इंकार दिया।
इससे आहत होकर रविवार को महिला दरोगा घाटमपुर स्थित दरोगा के आवास पर आ धमकी। शादी के लिए दबाव बनाने के साथ जमकर हंगामा किया। इसके बाद दरोगा ने महिला दरोगा के साथ मारपीट कर दी। मामला दबाने के लिए करीब आठ घंटे तक समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन महिला शादी से इतर कुछ भी मानने को तैयार नहीं हुई।
इसके बाद महिला दरोगा प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की बात कहकर लौट गई। इंस्पेक्टर धनेश प्रसाद ने बताया कि दरोगा के प्रेम प्रसंग के पूरे प्रकरण के साथ ही पूर्व की करतूतों का कच्चा चिट्ठा बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।