क्या है पूरा मामला
कानपुर के नजीराबाद में मंगलवार को छेड़छाड़ की शिकायत करने पहुंची किशोरी के पहनावे पर सवाल उठाने वाले हेड कांस्टेबल तारबाबू को एसएसपी अनंत देव ने बुधवार को लाइन हाजिर कर दिया। सरोजनीनगर निवासी किशोरी से मंगलवार सुबह मोहल्ले में युवक ने छेड़छाड़ की थी।
विरोध करने पर युवक ने किशोरी के भाई की पिटाई कर दी थी। किशोरी इसकी शिकायत लेकर थाने पहुंची। आरोप था कि वहां मौजूद हेड कांस्टेबल तारबाबू ने उनके पहनावे पर ही सवालिया निशान खड़ा कर दिया। इस घटनाक्रम का वीडियो परिजनों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। नजीराबाद पुलिस अभी तक पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज नहीं की है।
महिला अपराध पर शहर पुलिस की शर्मनाक हरकत पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को हेड कांस्टेबल का वीडियो शेयर कर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। इसके कुछ ही देर बाद एसएसपी अनंत देव ने आरोपी हेडकांस्टेबल को निलंबित कर दिया।