कानपुर। शहर में मधुमेह के बढ़ते मामलों के पीछे मोटापा और अनियमित जीवनशैली प्रमुख कारण बनकर सामने आ रहे हैं। हैलट अस्पताल, कानपुर डायबिटीज एसोसिएशन और स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक शुगर की समस्या लेकर पहुंचने वाले लोगों में मोटापा सबसे अहम कारण है। ऐसे में वजन बढ़ने पर शुगर की जांच कराना जरूरी है। बीपी, थायरॉइड, बार-बार यूरिन इंफेक्शन और कमजोरी होने पर भी शुगर की जांच करानी चाहिए।
कानपुर डायबिटीज एसोसिएशन के सचिव डॉ. कुनाल सहाय ने बताया कि दवाओं और आधुनिक तकनीक से शुगर नियंत्रित रखी जा सकती है, लेकिन इसे पूरी तरह खत्म नहीं किया जा सकता। परिवार में किसी को डायबिटीज है तो बच्चों की हर साल जांच कराएं। गर्भावस्था में शुगर होने और बाद में ठीक हो जाने पर भी सालाना जांच जरूरी है। बॉर्डर लाइन शुगर होने पर मीठा, घी-तेल और मलाई कम खाएं। सप्ताह में 150 मिनट टहलें और व्यायाम करें। संतुलित मात्रा में खानपान अपनाएं। नॉनवेज में मछली और अंडे का सफेद भाग खा सकते हैं।
जामू स्थित आयुर्वेद चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरफराज हैदर ने बताया अगर मधुमेह ठीक करना है तो शरीर का अतिरिक्त कफ कम करना होगा। शुगर होने पर आयुर्वेद में अतिरिक्त कफ कम करने के लिए पंचकर्म किया जाता है। इसमें रोगी को उल्टी कराने के साथ स्टीम दी जाती है। इससे शुगर कंट्रोल रहती है। अस्पताल में हर महीने 10 से 15 मरीजों का पंचकर्म किया जाता है। इसके अलावा गेहूं के साथ बाजरा, जौ, रागी, चना और सोयाबीन मिलाकर आटा तैयार कराकर उसका सेवन करना चाहिए। सुबह पौष्टिक नाश्ता, दोपहर में अच्छा भोजन और रात में सूर्यास्त से पहले हल्का भोजन करें। खाने के बाद 15 मिनट टहलें।
होम्योपैथिक अस्पताल में हर महीने पहुंच रहे 30 से 40 मरीज
मधुमेह के बढ़ते मरीजों को देखते हुए इलाज की विभिन्न पद्धतियों में भी रोगियों की संख्या बढ़ रही है। पं. जवाहरलाल नेहरू राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हर्षवर्धन सिंह भदौरिया ने बताया कि अस्पताल में हर महीने 30 से 40 मधुमेह के मरीज आते हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अगले वर्ष से अलग मधुमेह ओपीडी शुरू करने की योजना है।
मधुमेह से बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय
- रिफाइंड शुगर, मैदा, बेकरी उत्पाद और जंक फूड से दूरी बनाएं।
- फाइबरयुक्त भोजन, हरी सब्जियां, सलाद और साबुत अनाज खाएं।
- रोजाना 30 से 45 मिनट तेज चाल से टहलें, योग करें या साइकिल चलाएं।
- बीएमआई नियंत्रित रखें, पर्याप्त नींद लें और तनाव से बचें।
- ग्लूकोमीटर से नियमित जांच करें और हर तीन से छह महीने में एचबीए1सी टेस्ट कराएं।
- शुगर नियंत्रित रखकर आंखों, गुर्दों और तंत्रिका तंत्र को इसके दुष्प्रभावों से बचाएं।