धूप के अचानक तेज हो जाने से डायरिया, गैस्ट्रोइंटाइटिस (आंत और पेट में जलन) के रोगी बढ़ गए हैं। बिना पानी पीकर देर तक धूप में रहने से लोगों को बेहोशी आ जा रही है। सोमवार को हैलट ओपीडी में तीन रोगी बेहोशी की हालत में लाए गए। डायरिया, गैस्ट्रोइंटाइटिस हो जाने से गुर्दा रोगियों की समस्या बढ़ जा रही है। धूप लगने की शिकायत लेकर भी अच्छी-खासी संख्या में रोगी आए। रोगियों में मुंह सूखने, शरीर में जलन होने आदि लक्षण रहे हैं।
गंभीर रोगियों को हैलट इमरजेंसी में भर्ती किया गया है। तीन रोगियों की डायलिसिस की जा रही है। इन रोगियों के खून में सीरम क्रेटेनिन छह पहुंच गया है। डायरिया के रोगियों के शरीर में नमक और पानी की कमी हो जा रही है। जीएसवीएम मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. जेएस कुशवाहा ने बताया कि उनकी ओपीडी में ढाई सौ रोगी आए।