बांगरमऊ सीएचसी से घायल भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीकांत कटियार को लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जाते सदर विधा?
- फोटो : UNNAO
गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। ट्रक के केबिन में खाना बनाते समय छोटे गैस सिलिंडर में रिसाव से आग लग गई। ट्रक चालक ने सिलिंडर को सड़क पर फेंक दिया। कुछ देर तक जलने के बाद सिलिंडर फट गया। पास में ही कार की स्टेपनी बदलवा रहे भाजपा जिलाध्यक्ष सहित तीन लोग फटे सिलिंडर के टुकड़े लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाल-बाल बचे साथी ने घायलों को बांगरमऊ सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख जिलाध्यक्ष व उनके साथी को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकांत कटियार मंगलवार सुबह, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन पुत्तीलाल गौतम और मनीष गुप्ता के साथ लखनऊ में आयोजित पार्टी की एक बैठक में शामिल होने कार से जा रहे थे। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर बांगरमऊ कस्बे के निकट करीब 9:30 बजे उनकी कार का टायर पंक्चर हो गया। चालक कार का पहिया बदल रहा था जबकि पास में ही जिला अध्यक्ष व उनके साथी खड़े थे। यहीं पास में ही एक ट्रक खड़ा था। जिसके केबिन में चालक व क्लीनर छोटे गैस सिलिंडर में खाना बना रहे थे। चालक ने जलता हुआ सिलिंडर सड़क पर फेंक दिया। जो सड़क की दूसरी तरफ भाजपा जिलाध्यक्ष की कार तक पहुंच गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने पास ही स्थित पेट्रोल पंप से एक कर्मचारी को आग बुझाने वाला सिलिंडर लाने को कहा लेकिन इससे पहले ही सिलिंडर फट गया और टुकड़े जिलाध्यक्ष श्रीकांत कटियार, उनके साथी मनीष सिंह और एक पेट्रोल पंपकर्मी राम प्रकाश को लग गए।
भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ रहे जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन पुत्तीलाल गौतम बाल-बाल बच गए। गंभीर रूप से घायल जिलाध्यक्ष व अन्य को उन्होंने वाहन से बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया और पुलिस को भी सूचना दी। सीएचसी में उपचार के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकांत कटियार और मनीष गुप्ता को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। डाक्टरों के अनुसार भाजपा जिलाध्यक्ष के जबड़े और शरीर के कुछ अन्य हिस्सों में गहरी चोट आई है। बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। लापरवाही बरतने के आरोप में उस पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस घटना को मात्र एक हादसा मान रही
सिलिंडर में विस्फोट की सूचना पर डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय व एसपी एमपी वर्मा, एसडीएम अनिल कुमार सिंह, सीओ अंबरीश भदौरिया ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। सिलिंडर के टुकड़ों को टीम ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस घटना को मात्र एक हादसा मान रही है।