हनुमंत विहार के जूही कलां स्थित डब्लू ब्लॉक में रविवार रात बर्रा के हिस्ट्रीशीटर गैंगस्टर अजय ठाकुर और उसके साथियों को लोगों ने घेरकर पीट दिया। आक्रोशित भीड़ ने उसकी स्कॉर्पियो में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने तीनों घायलों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों राजवीर, शेखर, राम सजीवन, बहादुर और ई-ऑटो मालकिन सुमन के मुताबिक, खाली हुई बस्ती के पास खड़ी काली स्कॉर्पियो से चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। लोग पहुंचे तो चालक ने तेजी से गाड़ी पीछे भगाने की कोशिश की। इस दौरान स्कॉर्पियो ने सुमन की ई-ऑटो को टक्कर मारी और करीब 300 मीटर तक घसीटते ले गई। भीड़ ने कार सवारों को उतारकर पीटा और गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी।