जिला मुख्यालय के धीरा ताल में गंबूजिया मछली छोड़ते डीएम राकेश कुमार मिश्र।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिले में बढ़ रहे डेंगू, मलेरिया के मरीजों को देखते हुए जिला प्रशासन ने खास पहल की है। प्रभावित ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के तालाबों में पानी में पनपने वाले मच्छरों के लार्वा को समाप्त करने वाली गंबूजिया मछली छोेड़ी हैं।
जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने कलक्ट्रेट के पास तिर्वा रोड स्थित धीरा तालाब में डेंगू के लार्वा को खत्म करने वाली लगभग 200 गंबूजिया मछली छोड़ी हैं। उन्होंने सबसे पहले पूजन किया। इसके बाद मछलियों को तालाब में छोड़ा। इसी तरह नगर पालिका क्षेत्र कन्नौज के तीन अन्य तालाबों में भी मछली छोड़ी गईं।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी आरएन सिंह को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों और अधिशासी अधिकारी कन्नौज को जनपद के नगरीय क्षेत्रों के प्रभावित तालाबों में गंबूजिया मछली छोड़ने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी नीलम चौधरी मौजूद रहीं।