कल्याणपुर थाने में निजी बैंक के मैनेजर समेत सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि एक फर्म के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक खाता खोलने और एमईएस (मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज) के टेंडर में जालसाजी में बैंक समेत सभी की भूमिका है। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार लखनपुर हाउसिंग सोसायटी निवासी दिनेश कुमार मिश्रा मेसर्स जी दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर हैं। उनकी फर्म को एमईएस लखनऊ और एमईएस अयोध्या में सिविल कार्यों के टेंडर मिले थे।
बीमारी के कारण उनका ऑपरेशन हुआ और वह लंबे समय तक चलने-फिरने में असमर्थ रहे। इससे कार्य शुरू नहीं हो सका। लखनऊ के भीमनगर निवासी परिचित देवेंद्र कुमार पांडेय अपने साथी रॉबिन सक्सेना के साथ उनके घर पहुंचे। टेंडर का काम कराने का भरोसा दिया। निजी बैंक की विकासनगर शाखा का कर्मचारी अंकित सिंह बैंक खाता खोलने के लिए उनके घर पहुंचा। उसने फोटो लेने के बाद बताया कि शाखा प्रबंधक स्वयं आकर हस्ताक्षर सत्यापित करेंगे। आरोप है कि देवेंद्र कुमार पांडेय, अंकित सिंह और निजी बैंक विकास नगर शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक ने मिलीभगत कर कूटरचित दस्तावेज से उनकी फर्म के नाम से बैंक खाता खोल दिया।