पुखरायां बाईपास में हाईवे पर टकराए वाहन। संवाद
- फोटो : PUKHRAYAN
पुखरायां। कस्बा बाईपास कानपुर-झांसी हाईवे पर गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर को बचाने में आगे पीछे आ रहे चार वाहन टकरा कर फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन से सभी वाहनों को अलग कर मार्ग किनारे खड़ा कराया।
इस दौरान लगभग पांच घंटे तक एक तरफ मार्ग पर आवागमन बंद रहा। कस्बा बाईपास में गुरुवार की रात कानपुर-झांसी हाईवे पर उल्टी दिशा से ट्रैक्टर आता देख कर कानपुर की ओर जा रहे ट्राला के चालक ने वाहन को डिवाइडर की तरफ मोड़ दिया।
इस दौरान हादसे से बचने के लिए ट्रैक्टर चालक ने भी उसी ओर वाहन मोड़ दिया। इससे दोनों वाहन टकरा गए। वहीं पीछे से आ रहा ट्रक और दूसरा ट्राला भी इन्हीं वाहनों से टकरा गए। इससे कानपुर जाने वाले मार्ग पर आवागमन बंद हो गया।
सूचना पर कस्बा चौकी इंचार्ज विकल्प चतुर्वेदी ने क्रेन मंगाकर वाहनों को अलग कराया। इस दौरान पांच घंटे तक एक लेन पर आवागमन बंद रहा। चौकी इंचार्ज ने बताया वाहनों के टकराने में कोई घायल नहीं हुआ है।