कानपुर। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पांचवीं राज रतन महिला लीग की शुरुआत गुरुवार को दो अलग-अलग मैदानों पर हुई। पहले मैच में फोर सीजन इलेवन ने डैम चाजर्स इलेवन को नौ विकेट से तो दूसरे मैच में स्पार्क इलेवन ने रेज इलेवन को 15 रन से हराया।
किदवईनगर स्थित साउथ मैदान पर हुए पहले मैच में डैम चाजर्स इलेवन ने 35 ओवर में पांच विकेट पर 168 रन बनाए। इसमें अंजली ने 13 चौकों की मदद से नाबाद 91 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में एकता सिंह ने दो और निशिता गंगवार ने एक को आउट किया।
वहीं, फोर सीजन इलेवन की टीम ने 28.3 ओवर में एक विकेट पर 172 रन बनाकर मैच जीता। इसमें कप्तान एकता सिंह ने नाबाद 62 व आयुषी सिंह ने 51 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में जाह्नवी ने एक को आउट किया। प्लेयर ऑफ द मैच एकता सिंह को चुना गया।
कमला क्लब मैदान पर हुए दूसरे मैच में स्पार्क इलेवन ने 35 ओवर में 175 रन बनाए। इसमें शिबू सिंह पाल ने 60 व गरिमा यादव ने 32 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में विदुषी मिश्रा व नंदिनी सिंह ने दो-दो, सोती ठाकुर व सिम्मी थापा ने एक-एक को आउट किया।
जवाब में रेज इलेवन की पूरी टीम 34.5 ओवर में 160 रन पर ऑलआउट हो गई। इसमें निशा वर्मा ने 57 व नेहा वर्मा ने 29 रन बनाए, तो गेंदबाजी में गरिमा यादव व सौम्या पाल ने दो-दो, दीक्षा व पूजा यादव ने एक-एक को आउट किया। प्लेयर ऑफ द मैच गरिमा यादव को चुना गया। यह जानकारी केसीए के अवैतनिक सचिव कौशल कुमार सिंह ने दी।