कानपुर देहात। जनपद में रविवार को महिला समेत तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले। महिला की ओर से जांच के दौरान दिए नंबर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संपर्क किया तो वह किसी अन्य के पास मिल रहा। वहीं दो संक्रमित गैर जनपद के और एक रूरा निवासी है। अब जनपद में कोरोना के एक्टिव मरीज 17 हो गए हैं।
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि रूरा सीएचसी क्षेत्र निवासी एक 36 वर्षीय युवक को कई दिनों से जुकाम था। उसने रूरा सीएचसी में एंटीजन जांच कराई तो वह संक्रमित मिला। उसका सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए जीएसवीएम भेजा गया है।
अकबरपुर सीएचसी की स्वास्थ्य टीम युवक के घर गई और संपर्क में आए 12 लोगों के सैंपल लिए। सीएमओ ने बताया कि युवक को दवा देकर घर में ही ओइसालेट कर दिया गया है। घर के आसपास सैनिटाइजेशन कराने के लिए नगर पालिका को सूचना दी गई है।
वहीं भौंती निवासी एक महिला ने प्राइवेट लैब में जांच कराई तो वह भी कोरोना संक्रमित मिली। जांच के दौरान उसके दिए नंबर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संपर्क किया तो वह किसी और का नंबर निकला।
महिला की ओर से दिए गए पते पर सोमवार को टीम जाएगी। वहीं, जनपद के दो अन्य युवक संक्रमित पाये गये हैं। इसमें से एक नोएडा और कानपुर नगर के गुजैनी का रहने वाला है। जिले के अधिकारियों ने दोनों जनपदों के सीएमओ को इसकी जानकारी दी है।