औरैया जिले के सहायल में भाजपा सहायल मंडल महामंत्री सोनू मिश्रा के साथ अभद्रता के मामले में एसपी ने सहायल थाने के चार सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, मंडल महामंत्री ने दरोगा पर कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई है।
सहायल मंडल महामंत्री सोनू मिश्रा ने बताया कि शनिवार की शाम वह बाजार स्थित अपने घर के बाहर मित्र के साथ बैठे थे। तभी सहायल थाने के दरोगा हितेश कुमार, सिपाही प्रतीक सिंह, ओम जी पांडेय, सुनील चाहर व श्याम सुंदर आकर गाली गलौज करने लगे।
सोनू मिश्रा का आरोप है कि दरोगा व सिपाहियों ने उन्हें थाने में बुलाकर मारापीटा भी। इस घटना से आक्रोशित भाजपाइयों ने एसपी सुनीति से मिलकर दरोगा व सिपाहियों की शिकायत कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद एसपी ने चारों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया।
उधर, भाजपा मंडल महामंत्री सोनू मिश्रा ने आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई है। इस संबंध में एसपी सुनीति का कहना है कि अभद्रता का वीडियो सामने आया था, जिनके खिलाफ शिकायत हुई थी, उन पर कार्रवाई की गई है।