मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान समेत पांच फरार
मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल चुकी है। मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान समेत पांच फरार हैं। इधर, शुक्रवार को पप्पू यादव की मौत हो गई। परिजन, ग्रामीणों संग उनके शव को लेकर शिवराजपुर थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर हंगामा कर दिया।
आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज
पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर चौबेपुर, बिल्हौर, ककवन और अरौल थाने का फोर्स पहुंचा। ग्रामीणों ने रिपोर्ट हत्या में तरमीम करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। एसीपी पनकी टीबी सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज थी। मौत के बाद दर्ज मुकदमे को हत्या में तरमीम किया गया है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया।
पुलिस बोली- गवाह ढूंढ़ लाओ, तब होगी गिरफ्तारी
हरनू ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान के पति पप्पू यादव की हत्या के मामले में शिवराजपुर पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। घायल पप्पू अस्पताल में भर्ती थे तब गांव में आरोपी ग्राम प्रधान उनके परिजनों को धमका रहा था। मृतक के बेटे का आरोप है कि पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने पर पुलिस उल्टा उन्हें ही गवाह ढूंढ़कर लाने को कहती रही। विवेचक दरोगा अजीत यादव ने व्यस्तता का हवाला देकर टरका दिया।
मृतक का बेटा बोला- परिजनों को धमकाता रहा आरोपी और दरोगा टरकाते रहे
पोस्टमार्टम हाउस में पप्पू यादव के बेटे शिव प्रताप ने बताया कि वर्तमान ग्राम प्रधान रणजीत यादव राजनीतिक वर्चस्व को लेकर रंजिश मानता था। इसी के चलते पिता पर हमला किया था। जब घायल पिता अस्पताल में भर्ती थे, तब आरोपी ग्राम प्रधान रणजीत यादव गांव में बेखौफ घूम रहा था। उसने चाचा प्रहलाद यादव को मामले पैरवी करने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी।
ग्राम प्रधान के भाई राजेश यादव को ही पकड़ सकी है पुलिस
शिव प्रताप के अनुसार जब मां पप्पी यादव ने थाना प्रभारी प्रदीप कुमार को फोन पर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की, तो दूसरी तरफ से थाना प्रभारी ने घटना के चश्मदीद गवाह ढूंढ़कर लाने पर ही कार्रवाई की बात कही थी। इसके बाद से आरोपी लगातार परिवार के लोगों को धमका रहे हैं। पुलिस अभी तक आरोपी ग्राम प्रधान के भाई राजेश यादव को ही पकड़ सकी है।
पप्पू का रसूख नहीं पचा पा रहा था ग्राम प्रधान
पप्पू यादव शिवराजपुर ब्लॉक के ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख व नदिया सोसायटी के अध्यक्ष रहे। समाजवादी पार्टी के जिला सचिव भी रहे। परिजनों के मुताबिक पप्पू ने पत्नी के कार्यकाल में आईआईटी के सहयोग से 17-17 लाख रुपये के बजट से दो सोलर पैनल प्लांट लगवाने समेत कई विकास कार्य कराए। पत्नी की प्रधानी जाने के बाद भी पप्पू का लोगों में रसूख था। यह वर्तमान ग्राम प्रधान रणजीत यादव पचा नहीं पा रहा था। उसने नवंबर 2022 में फोन पर रास्ते में आने पर गोली मारने की धमकी दी थी। इसका एक ऑडियो भी वायरल हुआ था। पुलिस से शिकायत भी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पिता को बीती 25 अक्तूबर को रास्ते में रोकर गाली गलौज की गई थी।