आगामी विधानसभा चुनाव में बुंदेलखंड की 19 सीटों पर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की नजर है। यही वजह है कि वीरभूमि महोबा राजनीतिक दलों की पहली पसंद बन गई है। 19 नवंबर को पीएम नरेंद्र मोदी, 27 नवंबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका के बाद अब एक दिसंबर को पूर्व सीएम अखिलेश यादव रथयात्रा लेकर पुलिस लाइन के पास स्थित ग्राउंड पहुंचेंगे।
जहां जनसभा को संबोधित कर बुंदेलों को रिझाने का प्रयास करेंगे। वैसे तो आल्हा-ऊदल के शौर्य, वीरता व देशावरी पान के लिए महोबा देश-विदेश में विख्यात है। इस दफा के विधानसभा के चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दल महोबा से बिगुल फूंक रहे हैं।
बुंदेलखंड की सभी 19 सीटों पर इस समय भाजपा का कब्जा है। ऐसे में अन्य राजनीतिक दल बुंदेलखंड से सीटें निकालने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। सपा मुखिया उसी मैदान से जनसभा को संबोधित करेंगे, जिससे प्रधानमंत्री व सूबे के मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया था।
सपा जिलाध्यक्ष प्रानसिंह यादव ने बताया कि एक दिसंबर को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हेलीकाप्टर से सुबह 10.45 बजे हैलीपैड स्थल पुलिस लाइन बांदा पहुंचेंगे। सुबह 11.15 बजे विजय रथ यात्रा बांदा से जनसंपर्क करते हुए महोबा पहुंचेगी। दोपहर दो बजे महोबा के पुलिस लाइन के समीप स्थित ग्राउंड में जनसभा करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री महोबा में रात्रि विश्राम के बाद दो दिसंबर को हेलीकाप्टर से ललितपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।