कानपुर में बर्फीली हवाओं के बीच धुंध की बढ़ती रफ्तार की वजह से प्रदूषण की मात्रा एक बार फिर तेजी से बढ़ी है। सोमवार को शहर में प्रदूषण खतरनाक स्तर 426 एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) पर रहा। इस तरह देश में कानपुर दूसरे नंबर का सबसे प्रदूषित शहर रहा।
एक दिन पहले कानपुर चौथे स्थान पर था। इस बीच न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा, जबकि दिन में धूप निकलने की वजह से अधिकतम तापमान में एक डिग्री बढ़कर 21 पर पहुंच गया। लंबे समय से चल रही पछुआ हवाओं के बाद अब दक्षिण से आने वाली हवाओं ने मैदानी क्षेत्रों का रुख किया है।
इसकी वजह से दिन में धुंध के बीच धूप निकलने लगी है। धुंध की वजह से प्रदूषित कण ऊपर न जाकर वातावरण में ही मंडरा रहे। इस वजह से एक्यूआई बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक शीतलहर का प्रकोप बना रह सकता है। मौसम एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएन पांडे के अनुसार शीतलहर से मटर, सरसों और आलू की फसलें प्रभावित हो सकती हैं।
इस तरह रहा एक्यूआई
मुरादाबाद 476
कानपुर 426
बुलंदशहर 401
लखनऊ 368