रूरा। अधिवक्ता ने महिला समेत पांच लोगों पर 20 लाख की रंगदारी न देने पर मारपीट कर रुपये लूटने व आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में वाद दायर किया था। कोर्ट के आदेश पर रूरा पुलिस ने पांच लोगों पर संबंधित धारा में रिपोर्ट दर्ज की।
रूरा थाना के गुटैहा निवासी अधिवक्ता मनोज ने कोर्ट में वाद दायर किया था। बताया था कि उन्होंने अकबरपुर में आवास निर्माण के लिए एक भूखंड खरीदा था। आरोप है कि तभी से कुछ लोग उनके पीछ पड़ गए। 24 दिसंबर 2024 की शाम 6:40 बजे वह न्यायालय से काम खत्म कर अकबरपुर से रूरा की ओर जा रहे थे। रास्ते में तिंगाई के पास करौसा निवासी राहुल, विशाल, भोगनीपुर चकचालपुर निवासी संदीप, निबौली निवासी भीम किशोर समेत उनकी साथी महिला ने असलहा लगाकर जबरन कार में बैठा लिया। अभद्रता करते हुए मारपीट कर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगे। इस दौरान उक्त लोगों ने उनके बैग में रखे 14600 रुपये, मोबाइल लूट लिया व जरूरी कागज फाड़ दिए। आरोपियों ने मोबाइल से बीते एक माह की धमकी देते हुए रुपये मांगने की रिकॉर्डिंग व कॉल डिटेल जो साक्ष्य के रूप में थी, डिलीट कर दी। इसके बाद उनके साथ मौजूद महिला ने जबरन अपने कपड़े फाड़ते हुए उनके साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। जिससे वह बेहोश हो गए तो किसी राहगीर ने उन्हें रूरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस व 24 जनवरी को एसपी को शिकायती पत्र देने के बाद भी कोई सुनवाई न होने पर वाद दायर किया। रूरा थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों पर डकैती, जबरन वसूली की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है।