चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र के बियावल घाट पर बालू ढुलान को लेकर गोलियां चलीं। जिसमें खदान संचालक व उसके सहयोगी बाल-बाल बचे। गोलियां चलने से पूरे क्षेत्र में हडकंप मच गया। आरोपी भाजपा नेता के बेटे समेत दो के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने तमंचा समेत दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
मऊ के यमुना नदी किनारे बियावल घाट से कुछ ट्रैक्टरों से अवैध बालू ढुलान की सूचना पर पुलिस टीम ने जांच अभियान चलाया। थाना प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने रविवार को स्थानीय भाजपा नेता नवल किशोर मिश्रा के बेटे शिवभोला मिश्रा व उसके एक सहयोगी इष्टदेव उर्फ पनसुक्खी को बालू लदे ट्रैक्टर के साथ पकड़ा था। इस मामले में जिला खनिज अधिकारी सन्नी कौशल ने खनिज अधिनियम के तहत रवन्ना न होने पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसी मसले पर आरोपीगण बालू खदान पहुंचे और बालू घाट संचालक सुनील पांडेय से तीखी बहस होने लगी। दोनों पक्ष के बीच मामला गर्माया और ताबड़तोड गोलियां चलने लगीं। गोलियों से घाट संचालक बाल-बाल बचे। इसके बाद घाट पर मौजूद लोगों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों मौके से भाग निकले।
फायरिंग की सूचना पर थाना पुलिस टीम पूरी फोर्स के साथ पहुंची। आरोपियों की तलाश शुरू की है। घाट संचालक ने भाजपा नेता नवल किशोर मिश्रा के बेटे शिवभोला और उसके सहयोगी पनसुक्खी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि भाजपा नेता के पुत्र समेत दोनों को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद किया है।