चित्रकूट जिले में शिवरामपुर सीएचसी के स्टोर रूम में बृहस्पतिवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे अस्पताल में अफरातफरी मच गई और डॉक्टर, स्टाफ, कर्मचारी व मरीज चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागे। लगभग एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की दो टीमों ने डेढ़ घंटे में आग बुझाई। स्टोर में रखा कई साल का रिकॉर्ड, कोविड जांच की सामग्री, जांच रिपोर्ट जल गईं। ऑक्सीजन के सिलिंडर भी खराब हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ सिलिंडर फटे हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि कोई सिलिंडर फटा नहीं है।
गुरुवार की लगभग तीन बजे शिवरामपुर सीएचसी के द्वितीय मंजिल स्थित सभागार में प्रभारी डॉ. शैलेंद्र गौरव के साथ अन्य डॉक्टर व स्टाफ की बैठक चल रही थी। इसी के बगल में स्थित स्टोर रूम में अचानक धुआं व आग की लपटें निकलते देख लोग बाहर की ओर भागे। जानकारी मिलते ही सीएमओ डॉ. भूपेश द्विवेदी व अपर सीएमओ डॉ. इम्तियाज अहमद भी पहुंचे। आग की लपटें स्टोर की खिड़कियों से बाहर निकल रहीं थीं। अफरातफरी के बीच कई बार तेज आवाजें भी आईं, तो लोगों ने कहा कि ऑक्सीजन के सिलिंडर फटे हैं। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई।