चकेरी थानाक्षेत्र के श्यामनगर में दीपवाली की रात में कारखाने और गोदाम में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख हड़कंप मच गया। दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि आग से हुए नुकसान का आंकलन नहीं हो सका है। श्यामनगर बी ब्लाक निवासी बंटी अग्रवाल अपने घर के ग्राउंड फ्लोर पर रजाई और तकियों का कारखाना चलाते है। वहीं पर उन्होंने गोदाम भी बना रखा है।
विज्ञापन
प्रथम तल पर वह परिवार के साथ रहते भी है। सर्दी के सीजन की तैयारी के कारण उन्होंने माल का काफी स्टाक भी कर रखा था। बीती रविवार रात उनके गोदाम में पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। आग से धुआं उठता देख हड़कंप मैक गया। घर में बंटी अग्रवाल के अलावा उनके पिता विजय अग्रवाल समेत मां, पत्नी व बच्चा था। सभी लोग घर से बाहर निकल आए। जाजमऊ अग्निशमन अधिकारी मो. शमीम ने बताया कि तीन दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग से हुए नुकसान का आंकलन नहीं हो सका है।