कानपुर देहात। जैनपुर औद्योगिक क्षेत्र के पॉलिस्टर फिल्म बनाने वाली फैक्टरी में गुरुवार की रात शार्ट सर्किट से आग लग गई थी। फैक्टरी में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। फायर विभाग को पानी के लिए भी अन्य फैक्टिरियों से सहयोग लेना पड़ा था। शनिवार को अग्निशमन अधिकारी ने एनओसी दिखाने के लिए फैक्टरी को नोटिस जारी किया है।
पॉलिस्टर फिल्म बनाने वाली जैनपुर की स्पर्श इंडस्ट्रीज के होलोग्राफी सेक्सन में गुरुवार की रात शार्ट सर्किट से आग लग गई थी। वहां दस से अधिक मजदूर थे, जबकि फैक्टरी के अन्य हिस्से में करीब सौ मजदूर काम कर रहे थे। सभी मजदूरों ने बाहर भाग कर जान बचाई थी। आग से होलोग्राफी सेक्सन की बिल्डिंग में दरारें आ गई हैं। उसे सील कर दिया गया है। वहां किसी के भी जाने पर फैक्टरी प्रबंधन की ओर से रोक लगा दी गई है। दमकल विभाग के फैक्टरी में आग से बचाव के इंतजाम पर्याप्त नहीं मिले। ज्वलनशील पदार्थ बड़े पैमाने पर होने के बाद भी पानी का स्टोर पर्याप्त नहीं था। इस कारण पास की फैक्टरियों से दमकल कर्मियों को पानी लाना पड़ा था। शनिवार को फैक्टरी प्रबंधन के लोग कुछ भी बोलने से इनकार करते रहे। प्रबंधन से जुड़े तन्मय कुमार ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अग्निशमन अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि स्पर्श इंडस्ट्रीज को फायर एनओसी दिखाने के लिए नोटिस दे दिया गया है। जवाब आने के बाद फैक्टरी में आग से बचाव के इंतजाम की पड़ताल की जाएगी। यदि बिना एनओसी के फैक्टरी संचालित हो रही है तो नियमानुसार कार्रवाई होगी।