जसवंतनगर। बहु उद्देशीय समिति बीपेक्स कोकावली पर मंगलवार दोपहर किसानों ने अवकाश होने पर भी खाद वितरित किए जाने पर हंगामा किया। किसानों का आरोप था कि सचिव ने अपने चहेतों को बुलाकर खाद का वितरण किया था। जबकि अन्य किसानों को खाद नहीं दी गई।
सिरसा गांव के किसान राजेश कुमार, खूबे की मडैया के राज, सिरसा के गोलू और राहुल सहित कई किसानों ने आरोप लगाया कि वह सुबह से लाइन में लगे रहे, पर उन्हें खाद नहीं दी गई जबकि सचिव ने अपने खास किसानों को नकद में खाद वितरित की।
मौके पर मौजूद किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि समिति पर मनमानी चल रही है और नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह का कहना है कि सभी किसानों की सुविधा के लिए सचिव ने अपनी जिम्मेदारी पर खाद का वितरण किया होगा। यदि शिकायत सत्य पाई गई और अधिक दर पर बिक्री या अनियमितता मिली तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सचिव गौरव कुमार ने बताया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है। सभी किसानों की सुविधा के लिए खाद बांटी गई है। किसानों ने मांग की है कि अवकाश के दिन खाद का वितरण किए जाने पर सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाए।