निवाड़ीकला। बकेवर थाना क्षेत्र के कस्बा निवाड़ीकला में दिवाली की रात टेलर की दुकान में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। आग में मशीनें व कपड़े सहित लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। थाना पुलिस व क्षेत्रीय लेखपाल ने स्थानीय निरीक्षण कर पीड़ित दुकानदार को हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।
कस्बा निवासी मनीष कुमार मुख्य बाजार में कपड़े की सिलाई का काम करते है। पीडि़त ने बताया कि सोमवार शाम लगभग सात बजे दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे। लगभग 30 मिनट बाद उन्हें मकान मालिक ने फोन से सूचना दी कि उनकी दुकान में आग लग गई है। जिसे सुनकर वह दुकान पर पहुंचे। आसपास के दुकानदारों व अन्य लोगों की मदद से करीब आधा घंटा में आग पर काबू पाया। इस दौरान दुकान में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया था। दुकानदार ने बताया कि दुकान में लगभग 1.25 लाख रुपये की पांच मशीनें, 35 हजार रुपये के दो इन्वर्टर, लगभग दो लाख रुपये के कपड़े व अन्य जरूरी कागजात जलकर राख हो गए। उन्होंने बताया कि इस घटना में उन्हें लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। क्षेत्रीय लेखपाल संजय कुमार ने बताया कि दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी, मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया है। रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जा रही है।