फतेहपुर जिले में सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौंती मोड़ ननहना पुल के पास बुधवार को तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप के नीचे दबने से दो की मौत और सात मजदूर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा।
पिकअप कौशांबी जनपद के कड़ा धाम से चूनी चोकर व खाद लादकर प्रेमनगर आ रही थी। मोहम्मदपुर गौंती मोड़ ननहना पुल के पास पहुंचते ही पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप सवार नौ मजदूर दब गए। राहगीर अहमद नूर मंसूरी निवासी परियांवा, कुंडा, प्रतापगढ़ ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी और एंबुलेंस को बुलवाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया। इसमें पंक्षीलाल (30) निवासी ठकुरन की मवई, अफोई थाना सुल्तानपुर घोष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ज्ञान सिंह पटेल (45) निवासी अलावर, टिकरी, थाना कड़ा धाम कौशांबी को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे जहां उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।