Fatehpur News: अलीपुर गांव में कच्ची दीवार गिरने से 80 वर्षीय वृद्धा की मलबे में दबकर मौत हो गई।लेखपाल ने मौके पर जांच की है। बताया जा रहा है कि मृतका का घर जर्जर था और प्रधानमंत्री आवास सूची में नाम दर्ज था।
फतेहपुर जिले में चौडगरा कस्बे मके अलीपुर गांव में सोमवार शाम कच्ची दीवार पर रखा छप्पर गिरने से वृद्धा मैकी देवी (80) पत्नी स्व. संपत मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर सीएचसी बिंदकी पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन
चौकी प्रभारी चंदन सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं, देर रात हल्का लेखपाल बृजेंद्र सिंह ने मौके पर जांच कर रिपोर्ट तैयार की। मृतका का पूरा घर कच्ची ईंटों से बना था। परिवार में इकलौता पुत्र मजदूरी करता है और बेटी बकरियां चराकर गुजारा करती है। प्रधान संतोष ने बताया कि मैकी देवी का नाम प्रधानमंत्री आवास की पात्रता सूची में है, अगले चरण में उन्हें आवास मिलना था।