फतेहपुर जिले में छेड़खानी से आहत 11वीं की छात्रा ने शनिवार शाम फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना पर रविवार को पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजनों के बीच नोकझोंक हुई। परिजनों ने शव उठाने से पुलिस को रोका। आरोपी को गिरफ्तारी किए जाने की मांग की गई। किसी तरह समझाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी जोनिहां स्थित एक इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा थी। छात्रा के वकील ताऊ ने बताया कि छात्रा की मां शनिवार शाम बच्चों के साथ खेत से लौटी तो कमरे की छत पर लगे छल्ले में किशोरी का दुपट्टे के फंदे से शव लटकता देखा। किशोरी को गांव का रहने वाला एक युवक अक्सर परेशान करता था। किशोरी की मां खेत चली जाती थी तो वह घर तक पहुंच जाता था। इसका पता लगने पर कुछ दिन पहले युवक के घरवालों से शिकायत की गई थी। इसके बाद भी वह भतीजी का स्कूल आते-जाते पीछा करता था।
मामले को लेकर शनिवार दोपहर भी कहासुनी हुई थी। इससे परेशान होकर मानसिक तनाव में भतीजी ने आत्महत्या की है। घटना की सुबह प्रधान ने थाने में सूचना दी। पुलिस से परिजनों ने आरोपी को सामने लाने की मांग रखी। काफी देर तक हंगामा हुआ। प्रभारी थानाध्यक्ष महेश सिंह, एसएसआई बृजेश सिंह यादव ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
दो माह पहले पिता मलयेशिया गया
छात्रा का पिता मलयेशिया में नौकरी करता है। मृतका चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। मृतका का ननिहाल ललौली थाना क्षेत्र के एक गांव में है। उसका बचपन ननिहाल में बीता था। करीब तीन साल से गांव में आकर रहने लगी थी। ग्रामीणों के बीच मृतका और पड़ोसी युवक से प्रेम प्रसंग की भी चर्चा रही है। इसका परिवार के लोग विरोध करते थे।
मानसिक रोगी युवक को छोड़कर परिवार भागा
घटना के बाद से पड़ोसी युवक और उसका परिवार भाग निकला है। घर में युवक का एक मानसिक रोगी भाई है। बाकी परिवार के लोगों रात से ही गायब हैं। ग्रामीणों के मुताबिक युवक सूरत में प्राइवेट नौकरी करता है। वह परिवार को लेकर सूरत जा सकता है।