फतेहपुर जिले में शहर कोतवाली पुलिस ने रविवार रात 11 लाख के नकली नोटों के साथ उन्नाव के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े का मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपी त्योहार पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए नोटों की खेप लेकर आए थे। यह नकली नोट उन्नाव के ही एक ढाबा संचालक ने दिए थे। लोधीगंज चौराहे के पास ठगों के उन्नाव से आने की सूचना पर कोतवाल अनूप सिंह, एसएसआई प्रभुनाथ यादव, एसआई उमाशंकर यादव पहुंचे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने केतन शर्मा निवासी कुसुंभी थाना अजगैन, इसरार अहमद निवासी मदानीनगर थाना गंगाघाट जिला उन्नाव को गिरफ्तार किया। इनके पास एक बैग में 500 के नकली नोट की गड्डी बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि लोधीगंज सब्जी मंडी रोड पर दो साथी मौजूद हैं।
पुलिस ने यहां से विनोद कुमार गौतम निवासी मलकादिम सराय थाना हसनगंज और इरफान शाह निवासी कुसुंभी उन्नाव को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से कुल 11 लाख रुपये के नकली नोट मिले हैं। सभी नोट 500 के थे। कुछ नोट एक तरफ छपे तो कुछ बिना छपे थे।