फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज में फेसबुक पर हुई दोस्ती प्यार में बदली तो युवक शनिवार सुबह प्रेमिका के घर पहुंच गया। शादी का प्रस्ताव रखने पर प्रेमिका के परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी। इससे दुखी युवक ने प्रेमिका के घर के बाहर जहर खा लिया। उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आंध्र प्रदेश के चिन्ना देवी इच्छापुरम मंडलम, वृतरंगी श्री काकुलम निवासी हरि शाहू (25) दुबई के शाहजहां शहर की एक कंपनी में फोरमैन है। डेढ़ वर्ष पहले कंपिल क्षेत्र के एक गांव की युवती से फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती हो गई। धीरे-धीरे दोस्ती प्रेम में बदल गई। युवती बीए पास है।
उसके पिता इंटर कॉलेज से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। डेढ़ साल तक युवक व युवती के बीच फेसबुक व इंस्ट्राग्राम पर बातचीत होती रही। दोनों में प्यार इतना गहरा हो गया कि जीवन भर एक दूजे का साथ निभाने का फैसला कर लिया। इस बीच युवक तीन बार कंपिल की धर्मशाला में आकर रुका और युवती से मुलाकात करता रहा।